बरेली। नवाबगंज क्षेत्र के ओसवाल गन्ना मिल से जुड़े किसान खेमकरण लाल ने अपनी गन्ने की एक पर्ची के लगभग 21 हजार रुपये के भुगतान के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। किसान का आरोप है कि लंबे समय से वह गन्ना समिति, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसका भुगतान अब तक नहीं हुआ। आर्थिक तंगी और इलाज के खर्च से जूझ रहे किसान ने बताया कि भुगतान रुके होने के विरोध में वह तहसील नवाबगंज में अर्धनग्न होकर धरना भी दे चुका है। किसान के समर्थन में पहुंचीं पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुनीता गंगवार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उन्हें और परेशान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 24 हजार किसानों का गन्ना भुगतान लंबित है और जरूरतमंद किसानों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान मिलना चाहिए। सुनीता गंगवार के अनुसार जिलाधिकारी ने मामले में शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। वहीं किसान खेमकरण लाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप की मांग की है।