बरेली। थाना किला क्षेत्र के मलूकपुर स्थित नीम वाली मस्जिद निवासी इम्तेयाज कुरैशी ने प्रशासन से कथित शत्रु संपत्ति की गोपनीय जांच कराकर उसे सरकारी कब्जे में लेने तथा निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी फरजाना बेगम ने 120 वर्गगज में से 54 वर्गगज का एक प्लॉट खरीदने का सौदा किया था, जिसकी कीमत 9.50 लाख रुपये तय हुई थी। बाद में जानकारी मिली कि संबंधित भूमि कथित रूप से शत्रु संपत्ति की श्रेणी में आती है, जिसके बाद उन्होंने खरीद से इंकार कर दिया। आरोप है कि उक्त संपत्ति को अन्य लोगों के नाम कर बेचने का प्रयास किया जा रहा है और उस पर निर्माण भी कराया जा रहा है। इम्तेयाज कुरैशी ने कुछ लोगों पर मिलीभगत से सरकारी संपत्ति को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले भी मुख्यमंत्री पोर्टल और उप जिला अधिकारी सदर को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। दूसरी बार सोमवार को जिला अधिकारी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।