बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के चक महमूद अब्बास नगर निवासी रेशमा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पुत्री राजदा के ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। रेशमा के अनुसार राजदा का निकाह करीब 10 वर्ष पूर्व मोहसिन खान से हुआ था। विवाह में मोटरसाइकिल, एसी, फर्नीचर समेत अन्य सामान दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और लगातार प्रताड़ित करता रहा। आरोप है कि कुछ दिन पहले राजदा को उसके दो बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया। 1 जून को पति मोहसिन और उसके परिजन कथित रूप से राजदा के मायके पहुंचे, जहां गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट की गई। इस दौरान राजदा की बहन अमरीन घायल होकर बेहोश हो गई। पीड़िता ने थाना बारादरी पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने और समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। रेशमा ने मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।