बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के रोहिली टोला पुराना शहर निवासी शारिक अब्बासी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा संख्या 396/2026 की निष्पक्ष विवेचना कराए जाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मामले के विवेचक एवं कांकरटोला चौकी इंचार्ज जावेद अख्तर की आरोपियों से सांठगांठ हो गई है, जिसके कारण जांच प्रभावित हो रही है। शारिक अब्बासी के अनुसार उन्होंने रहीस, भूरा, शमशाद और साजिद सकलैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि विवेचक द्वारा शमशाद और साजिद सकलैनी के नाम मुकदमे से हटाने की तैयारी की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में विवेचक से जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि जांच उनके अधिकार क्षेत्र में है और वही तय करेंगे कि मुकदमे में क्या कार्रवाई होगी। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शारिक अब्बासी वर्ष 2025 में हुए बलवे से संबंधित मुकदमों में गवाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवेचक जानबूझकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं तथा साजिद सकलैनी के परिवार के साथ उनके करीबी संबंध हैं, जिससे आरोपियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा विवेचना की निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।