बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने मुर्गों की लड़ाई पर रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सात लड़ाकू मुर्गे और 2,910 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि गांव सैदपुर प्यारेलाल के पास एक आम के बाग में मुर्गों की लड़ाई कराकर हार-जीत पर सट्टा लगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि राजा नामक व्यक्ति सहित कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों में मकसूद खां, अख्तर खां, साजिद, पप्पू मौर्य, तेजपाल और भुलईया शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सैदपुर प्यारेलाल निवासी राजा मुर्गों की लड़ाई पर जुआ करवाता है और वे उसी में शामिल होने पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से सात लड़ाके मुर्गे तथा 2,910 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में थाना भोजीपुरा पर मुकदमा संख्या 359/26, धारा 13 जुआ अधिनियम तथा धारा 11(1)(एन) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।