बदायूँ। जनपद को नशामुक्त बनाने की दिशा में बदायूँ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत बदायूँ पुलिस ने अब तक कुल 3660.773 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा जब्त किए गए मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। अभियान के तहत 28 अप्रैल 2026 को 609.194 किलोग्राम तथा 12 मई 2026 को 863.383 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया था।रविवार को ऑपरेशन दहन के अंतर्गत 2188.196 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 18.197 किलोग्राम डोडा, 2034.739 किलोग्राम स्मैक, 2.912 किलोग्राम गांजा, 0.54 किलोग्राम नशीली गोलियां, 0.64 किलोग्राम सुल्फा, 72.213 किलोग्राम गांजा, 0.517 किलोग्राम हेरोइन, 0.065 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 7.819 किलोग्राम नशीला पाउडर तथा 50.554 किलोग्राम अफीम शामिल रही।मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण की यह कार्रवाई बरेली स्थित एनवायराड मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड, परसाखेड़ा रोड नंबर-4 में संपन्न कराई गई। पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इन्सीनरेटर के माध्यम से सभी मादक पदार्थों को भस्मीभूत किया गया।सम्पूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, ड्रग डिस्पोजल कमेटी तथा पुलिस उपाधीक्षक श्री सुनील अहलावत की निगरानी में पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। बदायूँ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेन्स नीति के तहत भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।