बरेली। रामपुर रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी गेट पर स्थित हजरत मुर्तजा हुसैन मोती मियां निजामी व कोड़ा शाह बाबा के सालाना उर्स-ए-पाक के आयोजन को लेकर रविवार को सिविल लाइंस स्थित प्रसाद टॉकीज के पास सेंट्रल पैलेस शादी हॉल में पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर खानकाह-ए-निजामिया के गद्दीनशीन हजरत पाशा मियां निजामी की सरपरस्ती में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए वसी अहमद वारसी ने बताया कि उर्स की शुरुआत 3 जून को सुबह 10 बजे गुस्ल शरीफ से होगी। दिनभर दरगाह पर चादरपोशी का सिलसिला जारी रहेगा। बाद नमाज-ए-असर शाम 5:30 बजे महफिल-ए-समा का आयोजन होगा, जिसके बाद रंग शरीफ का नजराना पेश किया जाएगा। शाम 6:30 बजे बारगाह-ए-इलाही में हजरत मोती मियां निजामी नियाजी के कुल शरीफ की फातिहा होगी।उन्होंने बताया कि 4 जून को बाद नमाज-ए-फज्र मजार शरीफ पर कुरानखानी, गुस्ल शरीफ और संदल पेश किया जाएगा। शाम 5:30 बजे महफिल-ए-समा आयोजित होगी तथा रंग शरीफ के बाद शाम 6:30 बजे हजरत अली कोड़ा शाह बाबा के कुल शरीफ की फातिहा अदा की जाएगी।5 जून को बाद नमाज-ए-फज्र कुरानखानी होगी। दिनभर दरगाह पर चादरपोशी और गुलपोशी का कार्यक्रम चलता रहेगा। इस दौरान हजरत पाशा मियां साहब मुरीदों को सरकार गौसे आजम के तबर्रुकात की जियारत भी कराएंगे।आयोजकों ने बताया कि उर्स की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निजामी सेवा ट्रस्ट कमेटी का गठन कर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।इस अवसर पर वसी अहमद वारसी, शादाब कुरैशी, रिजवान नियाजी, सलीम रजा, सलमान शम्शी, खुसरो निजामी, शाजेब अली खान, इब्राहिम निजामी, मोहम्मद कासिम कुरैशी, सैयद आरिफ अली, कामरान हुसैन, अली मियां, फैजान मोइन चिश्ती, असीम नियाजी, अनस नियाजी, अमान हुसैन, फिरोज नियाजी, फैजी निजामी, शम्मू खान सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।