नारी वंदन कार्यक्रम के साथ शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज के समर कैंप का समापन
बरेली। दूरदर्शन केंद्र के सामने स्थित शांतिकुंज गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित साप्ताहिक समर कैंप का समापन शनिवार को मिशन शक्ति के अंतर्गत “नारी वंदन” कार्यक्रम के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साधना रोहतगी सेवानिवृत्त प्रवक्ता, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा डॉ. रवीश अग्रवाल स्टेट प्रेसिडेंट, आईएमए उत्तर प्रदेश रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के बैंड की प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा, कानून तथा राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं “नारी वंदन” कार्यक्रम के अंतर्गत 36 सर्वाधिक केयरिंग एवं स्पोर्टिंग माताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समर कैंप के दौरान बच्चों को इंस्ट्रूमेंट, ड्राइंग एवं पोस्टर मेकिंग, क्राफ्ट, यूज वेस्ट मैटेरियल, फैशन डिजाइनिंग, क्लासिकल डांस, नाटक तथा पपेट निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। राज्य पुरस्कृत शिक्षक अमर द्विवेदी, पुष्पा अरुण और प्रशांत अग्रवाल ने विशेष कार्यशाला में बच्चों को पपेट बनाना, कहानी प्रस्तुतीकरण तथा विभिन्न विषयों में पपेट के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी पपेट तैयार कर उनका प्रस्तुतीकरण किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राधिका चंद ने सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने अपनी स्वरचित कविता का पाठ कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जानकी विष्ट, रेनू यादव, प्राची त्यागी, शुचि शर्मा, सुनैना, रितिका, दीक्षा सांख्यधर, बविता, पुष्पांजलि, प्रियंका यादव, साक्षी गोस्वामी, आरती चौहान, साक्षी कुमारी, अजय कुमार, अवधेश यादव, रंजीत कुमार, देवदत्त तथा आदित्य कुमार सहित विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रधानाचार्या राधिका चंद ने सभी का आभार व्यक्त किया।















































































