बीआईएमटी कालेज में हुई फेयरवेल पार्टी,‘संयोनारा – द नेक्स्ट चैप्टर’ थीम पर सजा यादगार समारोह
बदायूं,। बदायूं इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (बीआईएमटी) के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल समारोह यादगार बन गया। शहर के प्रतिष्ठित आरके रिजॉर्ट में आयोजित ‘‘संयोनारा : द नेक्स्ट चैप्टर’’ थीम आधारित कार्यक्रम में भावनाओं, उत्साह और यादों का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन के सुनहरे पलों को याद करते हुए नए सफर की शुरुआत का संकल्प लिया।कार्यक्रम स्थल को आकर्षक बैनरों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और मनमोहक रोशनी से सजाया गया था। प्रवेश द्वार पर बनाए गए फोटो वॉल और ‘मेमोरी लेन’ ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जहां विद्यार्थियों के तीन वर्षों की यादगार तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘‘द नेक्स्ट चैप्टर’’ थीम पर आधारित नृत्य, संगीत, शायरी और हास्य प्रस्तुतियां देकर सभी का मनोरंजन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से कॉलेज जीवन की यादों और अनुभवों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया। अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिससे वातावरण भावुक हो उठा।

समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के चेयरपर्सन मुकेश रस्तोगी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन का एक अध्याय आज समाप्त हो रहा है, लेकिन जीवन का नया अध्याय अब शुरू हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर निदेशक अक्षज रस्तोगी, आशीष सिंघल एवं विकास आहूजा भी उपस्थित रहे। निदेशक अक्षज रस्तोगी ने कहा कि ‘‘संयोनारा’’ का अर्थ नए सफर की शुरुआत है और अब विद्यार्थियों के जीवन का नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से जहां भी रहें, बीआईएमटी का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
फाइनल ईयर के विद्यार्थियों ने कहा कि ‘‘द नेक्स्ट चैप्टर’’ थीम ने समारोह को और अधिक भावनात्मक बना दिया। उन्होंने कहा कि बीआईएमटी ने उन्हें केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर ढंग से जीने की सीख भी दी है।
समारोह में फोटो सेशन और डीजे नाइट आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के डीन अरविन्द कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में मुख्य प्रॉक्टर सौरभ सक्सेना, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ तथा आरके रिजॉर्ट के कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा। यह फेयरवेल समारोह विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे।















































































