बदायूं, । रविवार को जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने बंदी बैरकों, भोजनालय तथा चिकित्सालय का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जेल के अंदर न पहुंच सके। साथ ही परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को कारागार परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन, निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण कर कारागार की व्यवस्थाओं को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।