उझानी:- शहर की बदहाल सड़कों ने आज काँग्रेसियों का पारा चढ़ा दिया। नगर काँग्रेस कमेटी ने ‘टूटी-पड़ी’ सड़क के मुद्दे पर एक दिवसीय उपवास रखकर जमकर धरना-प्रदर्शन किया और डीएम बदायूँ के नाम का ज्ञापन नगर पालिका के सफाई निरीक्षक हरीश कुमार त्यागी को थमा दिया।नगर अध्यक्ष रियासत खाँ की अगुवाई में काँग्रेसी सुबह से ही धरने पर डट गए। ज्ञापन में प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा गया कि मोहल्ला अहीर टौला में पुलिस नाका से होली चौक होकर बाइपास तक जाने वाली सड़क पिछले पाँच साल से मौत का कुआँ बनी हुई है। पूरी सड़क नहीं, सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे बचे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया कि सड़क की हालत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। आए दिन वाहन पलटने से लोग चोटिल हो रहे हैं, छोटी बात पर लड़ाई-झगड़े आम हैं। बरसात में तो हालात नारकीय हो जाते हैं, पूरा रास्ता तालाब बन जाता है। स्कूली बच्चों का गिरना और मरीजों का तड़पना रोज की बात हो गई है। मजबूरी में 1 किमी का चक्कर काटना पड़ता है। नगर काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रियासत खां ने दो टूक कहा कि अगर तुरंत सड़क का नया निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा। ‘पाँच साल से जनता गड्ढे नाप रही है और प्रशासन कुंभकरणी नींद सो रहा है।