जनपदवासियों से जिलाधिकारी ने कि बिजली बचाने की अपील
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपदवासियों , विद्युत उपभोक्ताओं से बिजली कि बचत करने कि अपील की है।जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा है कि गर्मी अपने चरम पर है। तापमान बढ़ने के साथ साथ बिजली की मांग भी अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ऐसे समय में बिजली विभाग और प्रशासन दिन रात इस प्रयास में जुटा है कि हर घर तक निर्बाध और पर्याप्त बिजली पहुंचती रहे। लेकिन यह चुनौती केवल विभाग की नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।उक्त क्रम में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों से विनम्र अपील की है कि इस कठिन समय में बिजली बचाने के अभियान में अपना अमूल्य सहयोग दें। उन्होंने कहा कि आपके घर में बचाई गई थोड़ी सी बिजली किसी दूसरे घर में अंधेरा होने से रोक सकती है। आपका एक छोटा सा त्याग किसी बुजुर्ग को राहत दे सकता है, किसी बीमार व्यक्ति के इलाज में मददगार बन सकता है और किसी मासूम बच्चे की रात की नींद को सुकून दे सकता है। विशेष रूप से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक ऑवर्स में वाटर पंप, वाशिंग मशीन, हीटर तथा अन्य भारी विद्युत उपकरणों का प्रयोग यथासंभव टालें। यदि आपके घर में एक से अधिक एयर कंडीशनर हैं, तो आवश्यकता के अनुसार ही उनका उपयोग करें तथा एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें। यह न केवल बिजली की खपत कम करेगा बल्कि ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को भी कम करेगा।प्रतिदिन एक यूनिट बिजली बचाने का संकल्प लें। जब लाखों लोग मिलकर यह प्रयास करेंगे तो इसका प्रभाव अत्यंत बड़ा होगा। यही एक मिनट बिजलीघरों पर भार कम करेगा, ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रखेगा और पूरे जनपद में सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद करेगा। आज आवश्यकता है कि हम सभी इस आह्वान को अपना कर्तव्य समझकर आगे बढ़ें।आइए, इस भीषण गर्मी में केवल अपने घर की नहीं, बल्कि पूरे समाज की चिंता करें। अनावश्यक बिजली उपकरण बंद करें, ऊर्जा की बचत करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। आपका एक छोटा सा प्रयास हजारों परिवारों के चेहरों पर राहत की मुस्कान बन सकता है।बिजली बचाइए, रोशनी बांटिए, सहयोग कीजिए।















































































