बरेली। पुलिस मॉडर्न स्कूल, पुरानी पुलिस लाइन, बरेली में आयोजित समर कैंप का शनिवार को भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अकलम खान उपस्थित रहे। समापन समारोह के दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समर कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से संगीत एवं कला, कुकिंग विदाउट फायर, इंग्लिश स्पीकिंग, जूडो, योग और वॉलीबॉल सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया था। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि अकलम खान ने प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए समर कैंप की सफलता में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों, मुख्य अतिथि, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां बच्चों और अभिभावकों ने समर कैंप के अनुभवों को यादगार बताया।