बरेली। थाना आंवला क्षेत्र के मनौना धाम से अपहृत डेढ़ वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे का अपहरण करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और अपहरण में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार 24 मई को बदायूं निवासी रमन ने सूचना दी थी कि वह मनौना धाम में सफाई कर्मचारी है। उसके तीन बच्चे खेलते हुए सड़क की ओर निकल गए थे, जिनमें से डेढ़ वर्षीय छोटा बच्चा लापता हो गया। मामले में थाना आंवला में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और आंवला पुलिस की पांच संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डंप डाटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की। मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी बच्चे को बाइक से दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने फुलासी तिराहे के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक बच्चे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलने से दोनों गिर पड़े और बच्चा झाड़ियों में जा गिरा। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित कब्जे में ले लिया।भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल कौमिश कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने अपने नाम योगेश कन्नौजिया निवासी शाहजहांपुर और पवन चंदेल निवासी जलालाबाद बताए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। घायल बदमाशों और घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।