बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में पेट दर्द से पीड़ित एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के एक झोलाछाप चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव निवासी छोटेलाल पुत्र जोहरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 मई की सुबह उनकी पत्नी ललिता को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने गांव के ही केशव सिंह को घर पर बुलाया। आरोप है कि उसने बिना किसी जांच या चिकित्सीय परीक्षण के महिला को इंजेक्शन लगा दिया और ग्लूकोज चढ़ा दिया। परिजनों का कहना है कि उपचार के कुछ ही देर बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बिसौली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही करीब साढ़े बारह बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति ने झोलाछाप की लापरवाही को मौत का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।