बरेली। थाना कैंट पुलिस ने युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम मिर्जापुर निवासी ओम कुमारी ने थाना कैंट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज ने उनके 25 वर्षीय पुत्र जयवीर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान सरवन ने तमंचे से जयवीर की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान जयवीर की मौत हो गई।इस मामले में थाना कैंट पर मुकदमा संख्या 253/2026 दर्ज किया गया। जयवीर की मृत्यु के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई।प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सरवन उर्फ श्रवण, अंशु और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सरवन पुत्र स्व. तोताराम तथा अंशु और दीपक पुत्र स्व. मांगेलाल निवासी ग्राम मिर्जापुर शामिल हैं।पुलिस ने बताया कि आरोपी सरवन के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इसके आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गांव के राजकरन पक्ष से वेटर के काम और पुराने विवाद को लेकर लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट और मुकदमेबाजी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।