बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट को लेकर समाजवादी युवजनसभा का प्रदर्शन
बरेली। उत्तर प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली संकट, कानून व्यवस्था एवं विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी युवजनसभा के जिला अध्यक्ष डॉक्टर मोहित भारद्वाज के नेतृत्व में सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर, स्मार्ट बिजली मीटर तथा मोटरसाइकिल को बैलगाड़ी पर रखकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जनसमस्याओं को लेकर आवाज उठाई।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश की जनता अनेक गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिजली कटौती, किसानों की समस्याएं तथा जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता का जीवन बेहद कठिन हो गया है। युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी एवं छात्र वर्ग स्वयं को उपेक्षित और परेशान महसूस कर रहा है।
समाजवादी युवजनसभा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीब एवं मध्यम वर्गीय जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। वहीं लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे युवा वर्ग भविष्य को लेकर चिंतित और निराश है। भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली जैसी घटनाओं ने युवाओं का विश्वास तोड़ा है। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा तथा आवारा पशुओं से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है।प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों और दवाइयों की कमी, शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था, बढ़ते भ्रष्टाचार, सड़क एवं जलभराव की समस्याओं तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और गरीबों, मजदूरों एवं छोटे व्यापारियों पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।समाजवादी युवजनसभा ने सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर रोक लगाने, बिजली कटौती बंद करने, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी कीमतें वापस लेने, महंगाई पर नियंत्रण करने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही किसानों को उचित समर्थन मूल्य, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर रोक, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं शिक्षा व्यवस्था सुधारने की भी मांग उठाई गई।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टर मोहित भारद्वाज , रितेश यादव , डॉ अरविंद यादव , इंजीनियर नरेंद्र यादव उर्फ दीपू , रवि पंडित , हिमांशु राज , फैज़ान खान , शरद यादव , चौधरी विजय यादव , नरेश पाल सिंह , जितेंद्र यादव , आदित्य यादव , मुलायम यादव , राधेश्याम वर्मा , गौरव यादव , एजाज , सुनील यादव , धर्मेंद्र यादव , सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।















































































