बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम अफीम के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रात क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली कि नारायन नगला रोड स्थित पेट्रोल पंप के आगे नई प्लाटिंग में बनी एक कोठरी के पीछे एक व्यक्ति अवैध अफीम के साथ मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कौशल कुमार पुत्र मंगली प्रसाद निवासी ग्राम हैदराबाद डिंगारा थाना अमरिया जिला पीलीभीत, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना बहेड़ी में एन डी पी एस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध मादक पदार्थ बेचकर आर्थिक लाभ कमाता था और इसी से परिवार का पालन-पोषण करता था।पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में थाना अमरिया जनपद पीलीभीत में धारा 354 भादवि तथा 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकित सिंह बघेल, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार तथा कांस्टेबल अमरजीत शामिल रहे।