बिल्सी। तहसील क्षेत्र के यज्ञ तीर्थ गुधनी आर्य समाज के तत्वावधान में आयोजित होने वाले यज्ञ महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर बिल्सी में भव्य यज्ञ यात्रा निकाली गई। आचार्य संजीव रूप के निर्देशन में साहिबगंज से प्रारंभ हुई यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानवती देवी ने किया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य एवं पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर भी यात्रा में शामिल होकर नगरवासियों को यज्ञ महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण देते रहे।यात्रा सबसे पहले तहसील परिसर पहुंची, जहां तहसीलदार प्रभा सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानवती देवी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद यात्रा थाना परिसर पहुंची, जहां भी पौधा लगाया गया। नगर भ्रमण करते हुए यात्रा नगर पालिका से होकर पुनः साहिबगंज पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया तथा कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई।नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानवती देवी सागर ने कहा कि यज्ञ महोत्सव पर्यावरण शुद्धि, समाज सुधार, बच्चों में संस्कार निर्माण और राष्ट्र के प्रति जागरूकता पैदा करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसमें सभी नगरवासियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।विधायक प्रतिनिधि नवनीत शाक्य ने कहा कि आचार्य संजीव रूप द्वारा पिछले 24 वर्षों से किए जा रहे इस अनुष्ठान ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। यह लोगों में ऊर्जा, धार्मिक चेतना और सामाजिक जागरूकता का संचार करता है।इस अवसर पर अजीत सक्सेना, वकील संगठन, गोपाल गुप्ता, गणेश महेश्वरी, दिनेश हनी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आर्य समाज के प्रधान बद्री प्रसाद आर्य ने बताया कि 28 मई को बच्चों का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं 29 मई से 51 कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ होगा, जो 31 मई तक चलेगा।