मदर एथीना स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘फनसिटी’ में मचाया धमाल, 7D थिएटर और वाटर राइड्स का लिया रोमांचक आनंद
बदायूँ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से मदर एथीना स्कूल द्वारा कक्षा-3 से कक्षा-12 तक के विद्यार्थियों के लिए बरेली स्थित सुप्रसिद्ध ‘फनसिटी’ वाटर एवं अम्यूजमेंट पार्क में दो दिवसीय शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस विशेष ट्रिप में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने मनोरंजन के साथ-साथ जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण अनुभव भी प्राप्त किए।भ्रमण का मुख्य आकर्षण फनसिटी का आधुनिक 7D थिएटर रहा। स्पेशल चश्मे पहनकर थिएटर में प्रवेश करते ही विद्यार्थी एक ऐसी काल्पनिक दुनिया में पहुंच गए, जो उन्हें वास्तविक अनुभव का एहसास करा रही थी। स्क्रीन पर बदलते दृश्यों के साथ घूमती कुर्सियां, ठंडी हवा के झोंके और पानी की हल्की फुहारों ने बच्चों को रोमांच से भर दिया। विज्ञान और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा को भी बढ़ाया।

अम्यूजमेंट पार्क पहुंचते ही बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया। सुरक्षा मानकों और गाइड की देखरेख में विद्यार्थियों ने विभिन्न रोमांचक राइड्स का भरपूर आनंद लिया। ‘कोलंबस’, ‘क्रेजी कार’, ‘कैटरपिलर’, ‘टॉवर राइड’ और ‘रोलर कोस्टर’ जैसी राइड्स पर बच्चों ने डर को पीछे छोड़ते हुए जमकर मस्ती की। बच्चों की किलकारियों और उत्साह से पूरा परिसर गूंज उठा।वाटर पार्क में ऊंची मल्टी-लेन स्लाइड्स से पानी की तेज धाराओं के बीच नीचे आने का अनुभव विद्यार्थियों के लिए बेहद यादगार रहा। वहीं वेव पूल की कृत्रिम समुद्री लहरों और डीजे की धुनों पर कृत्रिम बारिश के बीच बच्चों ने जमकर नृत्य किया और गर्मी से राहत का आनंद उठाया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और ऊर्जा को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक एवं पसंदीदा व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई।इस सफल एवं यादगार भ्रमण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बच्चों को प्रकृति और आधुनिक गतिविधियों से जोड़ने वाले ऐसे अनुभव उनके मानसिक विकास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने तकनीक, रोमांच, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। विद्यालय का प्रयास हमेशा बच्चों को पढ़ाई के साथ ऐसे अनुभव प्रदान करना है, जो उनके जीवन की सुनहरी यादों का हिस्सा बन सकें।















































































