बदायूं। अधिवक्ता परिषद ब्रज प्रांत के अंतर्गत बदायूं इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें नई जिला इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। बैठक के दौरान संगठन विस्तार के साथ अधिवक्ताओं की सामाजिक भूमिका और दायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में ब्रज प्रांत के अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने बदायूं इकाई के पदाधिकारियों की घोषणा करते हुए पंकज शुक्ला को अध्यक्ष तथा रूपेंद्र उपाध्याय को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर उन्होंने नवगठित पदाधिकारियों को संगठन के उद्देश्यों एवं उनके दायित्वों की जानकारी भी दी।बैठक में ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह तोमर, प्रांत महामंत्री प्रमोद कुमार, प्रांत कोषाध्यक्ष कमल सिंह तथा विशेष आमंत्रित सदस्य पदम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बदायूं जिला बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन सिविल के अधिवक्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि परिषद का उद्देश्य न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। साथ ही अधिवक्ताओं को उनके सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग बनाते हुए योग्य, संवेदनशील और राष्ट्रनिष्ठ अधिवक्ताओं का निर्माण करना संगठन की प्राथमिकता है।कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।