बरेली। शहर के प्राचीन एवं भव्य बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में भारतवर्ष के प्रसिद्ध श्री श्याम गुणगान गायक नन्दु किशोर शर्मा ने पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा त्रिवटीनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर सेवा समिति की ओर से मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल, सुभाष मेहरा और मानस पंत ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। समिति की ओर से नन्दू महाराज को प्रसादी स्वरूप अंगवस्त्र, मंदिर के इतिहास की पुस्तिका तथा मां भवानी की सुंदर प्रतिमा भेंट की गई। इस दौरान उन्हें मंदिर के 600 वर्ष प्राचीन स्वयंभू भोलेनाथ और नवनिर्मित जगदजननी मां दुर्गा भवन के बारे में जानकारी दी गई। नन्दू महाराज ने श्री रामालय में भक्तिभाव से आरती भी की। नन्दू महाराज ने मंदिर सेवा समिति द्वारा निर्मित जगदजननी मां भवानी मंदिर की भव्यता और अलौकिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि तीन वट वृक्षों के मध्य विराजमान भगवान शंकर श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि बाबा त्रिवटीनाथ की महिमा अपरंपार है और यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में नवीन सहित मंदिर समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।