बरेली। थाना शीशगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका रिश्ते का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।गांव मानपुर निवासी 23 वर्षीय बंटी पुत्र मोहनलाल अपने रिश्ते के चाचा ओमप्रकाश पुत्र नेतराम के साथ मोटरसाइकिल से बहेड़ी काम से जा रहा था। परिजनों के अनुसार बंटी फास्ट फूड का ठेला लगाता था और दुकान के काम से दोनों मंगलवार शाम निकले थे। रास्ते में गांव दौलतपुर के पास पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर दीवार में जा घुसी।हादसे में बंटी और ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बंटी को मृत घोषित कर दिया। घायल ओमप्रकाश का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बंटी की शादी एक वर्ष पहले प्रियंका से हुई थी। युवक की मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।