बरेली। महोबा जनपद की एक छात्रा के अपहरण कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय यातनाएं देने के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दद्दा एवं प्रवक्ता राज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोचिंग से लौट रही छात्रा का अपहरण कर उसे प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया तथा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों द्वारा सिगरेट से जलाकर यातनाएं देने और जबरन शादी कराने की घटना बेहद शर्मनाक है, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कठोरतम कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान मोबिन अंसारी , डॉ हरीश गंगवार , पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, डॉ सरताज हुसैन नूरी , साजिद अब्बासी , राज शर्मा , एडवोकेट पंकज उपाध्याय, मुकेश बाल्मीकि , सुरेश दिवाकर, फिरोज खान एडवोकेट, जितेंद्र बाबू आदि मौजूद रहे।