बरेली। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर पीस कमेटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की। नदीम इकबाल ने कहा कि 41 से 42 डिग्री तापमान के बीच बरेली की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी और एसडीओ तक अपने सीयूजी नंबर नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में 12 से 20 घंटे तक बिजली कटौती होने से लोग परेशान हैं और कई लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिजली संकट के चलते हार्ट अटैक जैसी घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है।उन्होंने बताया कि हरूनगला उपकेंद्र स्थित पवन विहार नए बिजली घर पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यहां एक महीने में तीन स्थानांतरण हो चुके हैं। वहीं फाइक इन्क्लेव और आशियाना कॉलोनी के बीच दो बिजली के खंभे पिछले एक सप्ताह से गिरे पड़े हैं, जिनकी अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई। नदीम इकबाल ने कहा कि पूरे शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर हाहाकार मचा हुआ है और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनहित योजनाओं का हवाला देते हुए बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे बरेली शहर की विद्युत व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।