बरेली। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “चिकने घड़े” लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सफेद घड़ों पर “हम चिकने घड़े हैं, हम नहीं सुधरेंगे” जैसे संदेश लिखकर विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर कटाक्ष किया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने तक को तैयार नहीं हैं और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।हैदर अली ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और पेयजल व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी “रात जगाओ, नींद भगाओ” आंदोलन करेगी।ज्ञापन में अघोषित कटौती रोकने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने, जर्जर लाइनों की मरम्मत कराने और हेल्पलाइन को सक्रिय करने की मांग उठाई गई। इस दौरान सैय्यद फैज़, राशिद खान, अमित कुमार सागर, अक्षय मेसी, ज़हीर खान, अब्दुल करीम अल्वी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।