बरेली। जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जाम में छज्जा लगाने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। गांव निवासी कुंवर पाल पुत्र ठाकुर दास ने बताया कि पड़ोसी उनके छज्जे के ऊपर नया छज्जा निकालना चाहते थे। इसका विरोध करने पर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर उनके भाई इंद्रपाल की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया गया कि कुंवर पाल घायल इंद्रपाल को लेकर थाना मीरगंज पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। इसी बीच आरोपियों ने उनके दूसरे भाई लक्ष्मण स्वरूप पर भी हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें मीरगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही लक्ष्मण स्वरूप की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ अजय कुमार और इंस्पेक्टर रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।सीओ अजय कुमार ने बताया कि छज्जे के विवाद में मारपीट हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।