महोबा की दलित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
बदायूं। महोबा जनपद में दलित छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय और शर्मनाक घटना के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेसियों ने जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी बिल्सी राजेश कुमार सिंह को सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर, जिला उपाध्यक्ष सुरेश राठौर एवं जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “छात्रा को न्याय दो” के नारे लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
राज्यपाल को भेजे गए तीन सूत्रीय ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने, पीड़ित छात्रा व उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की।
धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता प्रदान करना न्याय की दृष्टि से आवश्यक है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुन्नालाल सागर ने कहा कि वर्तमान सरकार में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार ऐसे मामलों में संवेदनशीलता नहीं दिखा रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा दलितों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुरेश राठौर, श्रीमती सुनीता सिंह, वीरेश तोमर, महासचिव ठाकुर आलोक सिंह, नरेशपाल शर्मा, बन्ने खां, एससी-एसटी कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कनौजिया एवं विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष सूरजपाल सिंह सोलंकी सहित अन्य नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि पीड़िता को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को और तेज करेगी।
कार्यक्रम में उझानी नगर कांग्रेस अध्यक्ष रियासत खान, पूर्व नगर अध्यक्ष अरुण पाराशर, मुजाहिद रजा, ठाकुर उदयभान सिंह, असरार भाई, प्रशांत शर्मा, जाविर मियां, चाचा जमील कुरैशी, इकराम अली, राम सिंह, श्याम पाल सिंह, सुरेंद्र, फारुक खान, गौरव सिंह, काजल, आसमा बी, श्याम कुमार, हसन खान, देवेंद्र कुमार और जयपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव इगलास हुसैन ने किया।















































































