बदायूँ। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश चंद्र शाक्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित 5 कालिदास आवास पर योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बिजली, सड़क निर्माण, पर्यटन और अन्य विकास परियोजनाओं पर चर्चा की।भेंट के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री को बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण क्षेत्र में बिजली की मांग बढ़ गई है, लेकिन लगातार हो रही कटौती से आमजन के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विधायक ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं आम लोगों को भी भीषण गर्मी के बीच कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को जल्द सुचारू बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनमानस को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल है और इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करते रहेंगे।