बदायूँ। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा को पत्र लिखकर शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए आधुनिक फोगर मशीन खरीदने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गर्मी का प्रभाव पिछले वर्षों की तुलना में अधिक देखने को मिल रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रदेश सरकार द्वारा 25 मई से 4 जून तक “नौतपा” घोषित किया गया है। नौतपा के दौरान तापमान में अत्यधिक वृद्धि और गर्म हवाओं का प्रकोप लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में नगर पालिका को जनहित में आवश्यक कदम उठाने चाहिए।उन्होंने सुझाव दिया कि पालिका के माध्यम से आधुनिक “फोगर” मशीन खरीदी जाए, जिसमें शहर की प्रमुख सड़कों पर ऑटोमैटिक छिड़काव तथा हवा में फुहार छोड़ने की सुविधा उपलब्ध हो। इससे वातावरण में ठंडक बढ़ेगी और नागरिकों को गर्मी व हीटवेव से कुछ राहत मिल सकेगी।आबिद रज़ा ने कहा कि यह कदम शहरवासियों के हित में होगा और नगर पालिका यदि इस दिशा में पहल करती है तो जनता को राहत मिलने के साथ-साथ यह एक सराहनीय कार्य भी साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पालिका जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी।