बदायूं : भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर चल रहे निशुल्क जल सेवा शिविर के 25 वें दिन स्काउट-गाइड द्वारा राहगीरों और यात्रियों को शीतल जल और शरबत वितरित किया गया। तपती धूप और गर्म हवाओं के बीच शरबत पाकर लोगों ने राहत महसूस की और स्काउट-गाइड के सेवा कार्यों की सराहना की।मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने फीता काटकर शरबत वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल जल और शरबत पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। स्काउट-गाइड संस्था लगातार समाजसेवा के माध्यम से मानवता का संदेश दे रही है, जो अन्य संगठनों के लिए प्रेरणादायक है। युवा समाज सेवा कर देश का गौरव बनें।स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्क्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि सेवा, अनुशासन और समर्पण स्काउट-गाइड की पहचान है। निस्वार्थ सेवा कर बच्चे देशभक्त और क्रांतिकारी बनते हैं। राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि बच्चे चुनौतियों को स्वीकारें, राष्ट्र के लिए उपयोगी बनें। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि आज 26 मई को शरबत वितरण किया जाएगा, जबकि 27 मई को पिछले एक माह से लगातार जल सेवा में जुटे स्काउट-गाइड को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान जिला सचिव आलोक कुमार पाठक, राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त कुंवरसेन, कमलेश ज्ञानी, नंदराम शाक्य, अवधेश सक्सेना, मधुरिमा रस्तोगी, फरदीन अहमद, हिमांशु कश्यप, सचिन यादव, शुभम यादव, अमोली सक्सेना, उर्मी मौर्य, यष्टि सक्सेना, आकांक्षा साहू, सिद्धि गुप्ता, सचिन पाल, रुचित बाबू, प्रेम आदि मौजूद रहे।