बदायूँ के श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव में भक्ति की बही गंगा, सेवा संस्थाओं का हुआ सम्मान
बदायूं। श्री रघुनाथ जी मंदिर वार्षिकोत्सव के अंतर्गत रविवार को मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। रात्रि 8 बजे से हरि इच्छा तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भक्ति रस का आनंद लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं प्रभु श्रीराम के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर भजन, संकीर्तन और हरिनाम स्मरण से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। विभिन्न भजन मंडलों द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।इस अवसर पर श्री राम नवमी शोभायात्रा में समर्पित भाव से सेवाएं देने वाली विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सेवा भावी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया।

मंच संचालन कर रहे कुंवर श्री अमित कुमार अरोड़ा ने कहा कि धर्म और समाज सेवा में ऐसे संगठनों की भूमिका समाज के लिए प्रेरणादायक है।कार्यक्रम में श्री बाल दुर्गा मंडल, श्री सुंदरकांड पाठ समिति एवं श्री विश्व हिन्दू परिषद महिला संकीर्तन मंडल द्वारा विशेष भजन एवं हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत किए गए। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद लेते रहे और मंदिर परिसर जय श्रीराम एवं राधे-राधे के जयघोषों से गूंजता रहा।कार्यक्रम का आयोजन श्री सनातन धर्म सभा, रजि. बदायूं द्वारा किया गया। इस दौरान सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा, महामंत्री श्री ओम प्रकाश कोचर, संगठन मंत्री श्री संजीव आहूजा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना तथा सेवा भावना से जुड़े संगठनों का सम्मान करना है। वहीं सभा अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा ने सभी श्रद्धालुओं, भजन मंडलों, सहयोगी संस्थाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।















































































