बदायूँ में दशहरा पर कछला गंगा में एक ही परिवार के सात लोग डूबे, किशोर की मौत, किशोरी लापता
बदायूँ। ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा पर्व पर कछला गंगा घाट के समीप हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी लापता है। घटना के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार जनपद हाथरस के ग्राम कानू और ग्राम पिछोती से एक ही परिवार के सात लोग गंगा स्नान के लिए बदायूँ के कछला घाट आए थे। बताया गया कि सभी लोग निर्धारित घाट पर स्नान करने के बजाय घाट से करीब दो किलोमीटर दूर नरोरा की ओर गहरेपानी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सभी लोग गहराई में चले गए और डूबने लगे।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नाविकों और बचाव दल ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो लोग गहरे पानी में डूब गए। इनमें 15 वर्षीय किशोर निलेश की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय किशोरी शिखा अभी भी लापता है। उसकी तलाश पुलिस, गोताखोरों और फ्लड पीएसी की टीम द्वारा लगातार की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालु केवल निर्धारित गंगा घाटों पर ही स्नान करें, जहां पुलिस द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षित आवागमन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी बिसौली संजीव कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















































































