बरेली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र सचान ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बरेली महानगर में वर्ष 2014 के बाद पुनः 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य-शालेय छात्र) का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्ग 30 मई से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा जयनारायण सरस्वती विद्या मंदिर में प्रारंभ होकर 15 जून को संपन्न होगा। इसमें ब्रज प्रांत के विभिन्न जिलों से स्वयंसेवक प्रशिक्षण हेतु भाग लेंगे।वर्ग स्थल पर रविवार को भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हवन में आहुतियों के माध्यम से वर्ग के सफल संचालन की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के मुख्य यजमान सह विभाग संघचालक राजकुमार अग्रवाल रहे। इस अवसर पर क्षेत्र कार्यवाह प्रमोद जी ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के बाद स्वयंसेवक संघ कार्य को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने व्यवस्थाओं में लगे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वर्ग की तैयारियों की समीक्षा की तथा कम खर्च में बेहतर व्यवस्था पर जोर दिया। बैठक में शारीरिक, बौद्धिक एवं व्यवस्था संबंधी पाठ्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचारक विनोद , विभाग प्रचारक कृष्णा, सर्व व्यवस्था प्रमुख विमल , अरविंद , परशुराम , प्रांत बौद्धिक प्रमुख नरेंद्र , वर्ग पालक मुनीश , अनुराग , विवेक एवं डॉ. विवेक मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।