बरेली। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 4 किलो 177 ग्राम डोडा छिलका के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार रात थाना सुभाषनगर पुलिस टीम माल गोदाम रोड क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 4 किलो 177 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नन्नू पुत्र स्वर्गीय जसवंत निवासी तिवारी मंदिर वाली गली नंबर-2, मोहल्ला सुभाषनगर बताया।अभियुक्त के विरुद्ध थाना सुभाषनगर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तराखंड क्षेत्र में डोडा छिलका सप्लाई करने का काम करता है और बेचने के उद्देश्य से माल लेकर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जगत सिंह, हेड कांस्टेबल सुधांशू कुमार तथा कांस्टेबल टानू कुमार शामिल रहे।