खेत की मेड़ विवाद में चली गोलियां, चार भाई घायल; एक आरोपी गिरफ्तार
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जाम खजूर में रविवार की सुबह खेत की मेड़ के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंगों ने कार और मोटरसाइकिलों से घेरकर फायरिंग कर दी तथा लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार भाई घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।ग्राम जाम खजूर निवासी आरिफ पुत्र मोहम्मद जिलानी खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपने भाई शारिक, शरीफ, वामिद के साथ खेत पर काम करने जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही शबाब, शहदाब, शबलू, शहाब, अतीक खां, शराफत खाऔर फरदीन समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। सभी ने गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि शबाब और शहदाब ने बंदूक से तथा शबलू और शहाब ने तमंचों से फायरिंग कर दी। वहीं अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया।हमले में शारिक और शरीफ को गोली लगने की बात कही गई है, जबकि आरिफ और वामिर को धारदार हथियार से गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा और गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।घायल शारिक खान ने बताया कि विवाद खेत की मेड़ को लेकर चल रहा था। आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष उनकी जमीन की मेड़ जोत रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने रास्ते में घेरकर फायरिंग की और चारों भाइयों को पीटा। शारिक के अनुसार दो भाइयों को गोली लगी है।वहीं मामले में सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जाम खजूर गांव में खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में शारिक और शारीफ नाम के दो लोगों को छर्रे लगे हैं, जिनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति आसीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।















































































