बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अभियुक्तों को 89 ग्राम अवैध स्मैक, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार 21 मई को थाना फतेहगंज पूर्वी पुलिस टीम अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बसावनपुर मटेनिया तिराहे के पास टंकी के निकट दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कामिल पुत्र इसरार अहमद निवासी शिवपुरी थाना फतेहगंज पूर्वी के कब्जे से 48 ग्राम स्मैक तथा मुस्लिम पुत्र इस्लामुद्दीन निवासी शिवपुरी थाना फतेहगंज पूर्वी के पास से 41 ग्राम स्मैक बरामद हुई।पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए। बरामदगी के आधार पर थाना फतेहगंज पूर्वी में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पीलीभीत-नेपाल बॉर्डर से स्मैक खरीदकर लाते थे और मेलों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में नशा करने वालों को बेचते थे। दोनों आरोपियों ने बताया कि इसी धंधे से होने वाली कमाई से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अभियुक्त पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। कामिल के खिलाफशाहजहांपुर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।