बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 55 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस टीम गुरुवार रात श्यामगंज चौराहे और विकास भवन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विकास भवन के पीछे वाले रास्ते पर तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 1 किलो 55 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन निवासी भोजीपुरा, अभिषेक निवासी दातागंज बदायूं और पिंकू निवासी भमौरा शामिल हैं। वहीं इस मामले में विमलेश नाम का एक आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ईंट-भट्टों पर मजदूरी करते थे। वहीं उनकी मुलाकात विमलेश और विकेश से हुई, जिन्होंने अधिक कमाई का लालच देकर उन्हें अफीम बेचने के धंधे में शामिल कर लिया। आरोपी रात के समय ट्रक चालकों और ढाबों पर अफीम सप्लाई करते थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी श्यामगंज उपनिरीक्षक अखिलेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी कांकड़टोला उपनिरीक्षक जावेद अख्तर समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।