बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने युवक और उसके भाई पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, गर्भपात कराने का प्रयास तथा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता निवासी खलीलपुर रोड, छोटी बाजार थाना सीबीगंज के अनुसार वह गुरुग्राम स्थित एटीएस मेरी गोल्ड कंपनी में गार्ड की नौकरी करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राज गुप्ता बताया। नौकरी छूटने के बाद युवती वापस बरेली आ गई, लेकिन आरोपी लगातार उससे संपर्क में रहा और हमदर्दी दिखाकर करीब आता गया।आरोप है कि मार्च 2024 में आरोपी बरेली आया और नौकरी लगवाने व शादी का झांसा देकर रामपुर हाईवे पर कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर आरोपी उसे गुरुग्राम ले गया, जहां उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया और गर्भपात कराने का प्रयास किया गया। शिकायत के बाद आरोपी ने मंदिर में शादी की, लेकिन बाद में उसे झूठा और मजाक बताया गया। पीड़िता का आरोप है कि विवाह की वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के बाद आरोपी के भाई अकरम सैफी ने उसे गाजियाबाद के मोदी नगर स्थित फ्लैट पर बुलाया और वहां जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने बताया कि 17 फरवरी 2025 को उसने एक पुत्री को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी और उसके परिवार वालों ने बच्चे को अपनाने के बदले मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर वह सीबीगंज क्षेत्र में किराये पर रहने लगी। युवती का कहना है कि आरोपी कई बार उसके घर आया और उसके साथ मारपीट व जबरन संबंध बनाए। साथ ही गर्भ ठहरने पर गर्भपात की दवा भी खिलाई।पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी राज गुप्ता उर्फ कय्यूम सैफी तथा उसके भाई अकरम सैफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।