बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने बरेली के दंगों में असलाह सप्लाई करने के मामले में वांछित आरोपी गफ्फार खां को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को थाना बहेड़ी पुलिस ने दो आरोपियों तसलीम और सोमू खान उर्फ औशाफ को पिस्टल और कारतूस की खेप ले जाते समय गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे अवैध हथियार गफ्फार खां और समी को देने जा रहे थे। साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि 26 सितंबर 2025 को हुए बरेली दंगों में इस्तेमाल किए गए असलाह की सप्लाई भी उनके द्वारा की गई थी।इस मामले में थाना बहेड़ी में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। शेष वांछित आरोपी गफ्फार खां पुत्र बुन्दन खां निवासी ग्राम दरऊ थाना किच्छा जिला उधमसिंह नगर, उत्तराखंड को 20 मई को रुद्रपुर-किच्छा रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी गफ्फार खां ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध असलाह बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गफ्फार खां पर उत्तराखंड और बरेली के विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, खनन अधिनियम, गैंग गतिविधियों और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में दिनेश कुमार शर्मा, रजनीश कुमार, अंकित बघेल, शिवम कुमार, हेड कांस्टेबल ओवेन्द्र कुमार और कांस्टेबल अमरजीत शामिल रहे।