बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र में छात्रा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार 16 मई को दिल्ली-लखनऊ हाईवे से करीब 300 मीटर दूर ग्राम खन्ना गौटिया के पास खाली खेत में एक युवती का शव मिला था। जांच में मृतका की पहचान नीतू पुत्री सोनपाल सिंह गंगवार निवासी मानपुर थाना शीशगढ़ के रूप में हुई। मृतका के गले पर दबाव के निशान मिलने से गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर रामपुर निवासी अशोक कुमार को चिन्हित किया। 17 मई की रात पुलिस ने ट्यूलिया अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस के रुकने के इशारे पर आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका को छह वर्षों से जानता था और उससे विवाह करना चाहता था। मोबाइल में अन्य युवकों की चैट और फोटो देखने के बाद दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद उसने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, मृतका का पर्स और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।