बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस की थाना देवरनिया पुलिस और एएनटीएफ यूनिट बरेली की संयुक्त कार्रवाई में 13 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रात मुखबिर की सूचना पर नैनीताल हाईवे स्थित बिचपुरी के पास घेराबंदी कर झारखंड निवासी दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल कुमार निवासी थाना गिद्धौर, जिला चतरा झारखंड तथा अजय कुमार निवासी थाना पत्थलगड़ा, जिला चतरा झारखंड के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान विशाल कुमार के पास से 7 किलोग्राम और अजय कुमार के पास से 6 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में थाना देवरनिया में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे झारखंड से अफीम लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने का काम करते थे और पहले भी कई बार तस्करी कर चुके हैं। पुलिस दोनों अभियुक्तों के नेटवर्क और अन्य तस्करों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, एएनटीएफ यूनिट के उपनिरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र शर्मा तथा कांस्टेबल शिवम कुमार की टीम शामिल रही।