डीएलएड की परीक्षा देने गई छात्रा का अपहरण कर खेत में फेंका शव , पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ डीएलएड (D.El.Ed.) की परीक्षा देने गई एक छात्रा का शव शनिवार को सीबीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे एक खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की शिनाख्त नीतू पुत्री सोमपाल के रूप में हुई है, जो शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर की रहने वाली थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि नीतू का अपहरण करने के बाद गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या की गई और शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, मृतका नीतू परीक्षा देने के लिए थाना इज्जत नगर क्षेत्र के आलोक नगर स्थित अपने मौसा के घर पर रह रही थी। उसका परीक्षा केंद्र फरीदपुर थाना क्षेत्र के छत्रपति शिवाजी कॉलेज में था, जहाँ 13, 14 और 15 मई को उसकी परीक्षाएं थीं। नीतू ने 13 और 14 मई को पेपर देने के बाद सुरक्षित अपने मौसा के घर लौट आई थी, लेकिन 15 मई को आखिरी पेपर देने के बाद वह वापस नहीं लौटी।बेटी के घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने काफी खोजबीन की और फरीदपुर तथा बारादरी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। इसी बीच शनिवार, 16 मई को सीबीगंज पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे किनारे एक खेत में युवती का शव पड़ा है। सोशल मीडिया और पुलिस के जरिए जानकारी मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने शव की पहचान नीतू के रूप में की।
मृतिका के पिता के मित्र कमलेश आर्य ने बताया कि नीतू की गला दबाकर हत्या की गई है और उसे किसी अज्ञात स्थान से अगवा कर यहाँ लाकर फेंका गया था। उन्होंने बताया कि मौत के असली कारणों और पूरी सच्चाई का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव के पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का एक विशेष पैनल गठित किया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।















































































