बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोती पार्क के पीछे कार पार्किंग के पास एक युवक अवैध तमंचा लेकर बैठा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी राजू उर्फ शहनवाज पुत्र इलयास खां निवासी मोहल्ला करुलान बिहारीपुर थाना कोतवाली, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मीट की दुकान चलाता है और अन्य मीट विक्रेताओं से प्रतिस्पर्धा के चलते सुरक्षा के लिए उसने तमंचा खरीदा था।इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी शस्त्र अधिनियम, जुआ अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल तस्वीरुल हसन और आरक्षी सुधीर कुमार शामिल रहे।