बरेली। तहसील बहेड़ी के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के ग्राम शाहपुर निवासी खेमपाल ने जिला अधिकारी से शिकायत कर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा इटौआ के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खेमपाल का कहना है कि उनकी मां रेवती की मृत्यु 3 जनवरी 2025 को हो गई थी। मृतका के बैंक खाते में लगभग 45 हजार रुपये जमा हैं, जिन्हें निकलवाने के लिए उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेज और वारिसान फाइल फरवरी 2026 में बैंक में जमा कर दी थी।पीड़ित के अनुसार बैंक मैनेजर ने जल्द भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद फील्ड ऑफिसर ने उन्हें करीब 20 बार बैंक के चक्कर लगवाए। आरोप है कि फील्ड ऑफिसर ने खाते का पैसा ट्रांसफर करने के नाम पर 19 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से 10 हजार रुपये खेमपाल पहले ही दे चुके हैं।खेमपाल ने बताया कि वह कैंसर की जांच और दवा के लिए राममूर्ति मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तब भी उनसे बाकी 9 हजार रुपये देने का दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, बैंक कर्मचारियों ने उनसे एक प्रार्थना पत्र पर यह लिखवाकर हस्ताक्षर भी करा लिए कि खाते का पैसा उन्हें प्राप्त हो चुका है, जबकि अभी तक कोई भुगतान नहीं किया गया।पीड़ित ने जिला अधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा खाते की धनराशि दिलाने की मांग की है।