बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के एजाज नगर गौटिया निवासी एक महिला ने अपने देवर समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद से देवर उस पर गलत नजर रखता था और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 24 फरवरी 2021 को शानू पुत्र बाबू के साथ हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं और वह वर्तमान में गर्भवती भी है। महिला के अनुसार, उसके पति की मृत्यु 18 अप्रैल 2026 को बीमारी के चलते अस्पताल में हो गई थी, जिसके बाद वह ससुराल में रह रही थी।महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद उसका देवर अनीस पुत्र बाबू उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। आरोप है कि 12 मई की रात करीब 8 बजे अनीस उसके कमरे में घुस आया और गलत नियत से जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर घर के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। महिला का कहना है कि इसके बाद अनीस समेत जेठ अजीम, जेठानी सोनी, नावेद और निशा ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया।पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी उसने अपने मायके वालों को दी, जिसके बाद वह न्याय की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।