बरेली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला प्रवक्ता एडवोकेट मोहम्मद इकबाल ने नीट परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने प्रेस वार्ता कर कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश के युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है और सरकार इस पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।एडवोकेट मोहम्मद इकबाल ने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक माफियाओं के कारण उनकी मेहनत बर्बाद हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है और सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने में नाकाम रही है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। भाकियू टिकैत ने कहा कि यदि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ तो संगठन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।