सिंग्लर गर्ल्स इंटर कालेज में “एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड सेरेमनी” हुई, मेधावी विद्यार्थी सम्मानित
बदायूँ। Singler Girls Inter College में सत्र 2025-26 के अंतर्गत कक्षा 10 एवं 12 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए “एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड सेरेमनी” का भव्य आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि रेव. सचिन रॉबिन्सन (Pastor Incharge CMC Budaun) रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और ईश्वर में विश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपोस्टल अमित सांग्रवाल एवं रेव. पास्टर रजनीश कुमार उपस्थित रहे। मिशन इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों काव्यांश पांडे, दीपांश और विकास ने अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने “खोल दे पर”, “एक जिंदगी मेरी”, “100 ख्वाहिशें” और “आशाएं” जैसे प्रेरणादायक गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने तालियों की गूंज के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।मिशन इंग्लिश स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर शोभा फ्रांसिस ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी समान महत्व देता है।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में उत्साह, गर्व और प्रेरणा का वातावरण बना रहा तथा विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















































































