बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के 28वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार शाम कचहरी स्थित सक्सेना फोटो स्टेट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन से जुड़े व्यापारी साथियों और पदाधिकारियों को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी गई।कार्यक्रम में संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुनील खत्री ने कहा कि 14 मई का दिन संगठन के लिए गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले 28 वर्षों में संगठन ने व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य किया है। व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के लिए संघर्ष और उद्योग जगत को सशक्त बनाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में व्यापारियों की अनेक समस्याओं का समाधान हुआ है और संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि देश और समाज की आर्थिक रीढ़ है तथा व्यापारी वर्ग राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान देता है। कार्यक्रम में मुख्य कानूनी सलाहकार मोहसिन खान ने भी सभी व्यापारी साथियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सैयद मोहम्मद हैदर जाफरी, विजय कुमार सक्सेना, अयान मोहसिन, परविंदर कुमार, सैयद अली जफर नकवी, आजाद नवी, धीरज सक्सेना, आदिल सुरूर और समीर खान सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।