बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली मोबाइल फोन और विभिन्न कंपनियों के फर्जी लोगो लगाकर मोबाइल चार्जर बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये कीमत का नकली सामान और उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर थाना भोजीपुरा पुलिस टीम ने ग्राम दोहरिया स्थित फरमान के मकान की छत पर छापा मारा। यहां सैमसंग समेत वीवो, ओप्पो, एमआई और अन्य कंपनियों के नकली लोगो लगाकर फर्जी मोबाइल चार्जर, डाटा केबल और मोबाइल तैयार किए जा रहे थे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरमान पुत्र रहमत अली निवासी ग्राम दोहरिया और उवैश पुत्र खादिम अली निवासी ग्राम रतना चुन्नीलाल थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त मौके पर नकली मोबाइल और चार्जर तैयार करते मिले।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 की-पैड सैमसंग मोबाइल, 165 मोबाइल बॉडी, 85 मदरबोर्ड, 18 सैमसंग टैबलेट, सैकड़ों की संख्या में डाटा केबल, चार्जर रेपर, एडॉप्टर पैकिंग और मोबाइल बनाने के उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3 से 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से कच्चा माल लाकर नकली मोबाइल पार्ट्स और चार्जर तैयार करते थे। नकली बॉडी और रेपर में मोबाइल फिट कर उन्हें असली कंपनी का बताकर बाजार में बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। इस मामले में थाना भोजीपुरा में मुकदमा कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल हिमांशू ढींगरा, अंकित कुमार, सुमित कुमार, रवि कुमार और नितिन कुमार शामिल रहे।